women लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
women लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 12 जनवरी 2018

26 वें विश्व पुस्तक मेले में सबसे ज्‍यादा किताब बिकी ‘औरत और इस्लाम’

देश में तीन तलाक और मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों को लेकर चल रही बहस की वजह से लोगों में इस्लाम में महिलाओं के अधिकारों को जानने की ललक बढ़ी रही और लोग, विशेष तौर पर महिलाएं, यहां आयोजित विश्व पुस्तक मेले में इससे संबंधित किताबें खरीद रही हैं.
प्रगति मैदान में चल रहे 26 वें विश्व पुस्तक मेले में इस्लामी किताबों का प्रकाशन करने वाले कई प्रकाशक आए हैं. वे उर्दू भाषा के अलावा हिन्दी और अंग्रेजी में भी कई किताबों को लेकर आए हैं.
उनका कहना है कि सबसे ज्यादा इस्लाम में औरतों की स्थिति एवं अधिकारों का वर्णन करने वाली किताबें बिक रही हैं.
मरकज़ी मकतबा इस्लामी पब्लिशर्स के मेराज खालिद ने बताया कि ‘औरत और इस्लाम’ नाम की किताब सबसे ज्यादा बिक रही है जिसके अंग्रेजी संस्करण का नाम ‘वूमन राइट्स इन इस्लाम’ है.
उन्होंने बताया कि इस पुस्तक को खरीदने वालों में महिलाएं अधिक हैं और उनमें भी गैर मुस्लिम महिलाओं की संख्या ज्यादा है और वे इस पुस्तक का अंग्रेजी या हिन्दी संस्करण ले रही हैं.
वहीं इस्लामी बुक सर्विस लिमेटिड के नसीम अहमद ने बताया कि मेले में ‘पैगंबर की पत्नियां’, ‘पैगंबर की बेटियां’, ‘पति पत्नी के अधिकार’, ‘इस्लाम में पारिवारिक मूल्य’, ‘वूमन इन इस्लाम’ जैसी किताबें अधिक बिक रही हैं.
उन्होंने बताया कि इन किताबों में सबसे ज्यादा ‘वूमन इन इस्लाम’ बिक रही है और इसके खरीदारों में अधिकतर गैर मुस्लिम युवा हैं जो बड़ी तादाद में इस किताब को खरीद रहे हैं.
उन्होंने बताया कि इस किताब को मिली प्रतिक्रिया को देखते हुए उन्होंने इसकें हिंदी तजरुमे का काम शुरू कर दिया है और कुछ दिनों में यह किताब हिन्दी में भी उपलब्ध होगी.
इस स्टॉल पर किताब खरीद रहे तुषार ने बताया कि टीवी और अखबारों में सब अपनी अपनी बात करते हैं. कोई कहता है कि ”महिलाओं को अधिकार है तो कोई कहता है अधिकार नहीं है. इतना कंफ्यूजन है कि कुछ समझ ही नहीं आता है कि कौन सही है इसलिए यहां से किताबें खरीद रहे हैं ताकि असल स्थिति मालूम हो.”
वहीं जावेद ने बताया कि उन्हें उर्दू नहीं आती है और इस्लाम में अधिकतर किताबें उर्दू में होती है. यहां कुछ प्रकाशक ”हिन्दी और अंग्रेजी में पुस्तकें लेकर आए हैं जिन्हें हम खरीद रहे हैं ताकि थोड़ी दीनी जानकारी हो और लोगों के सवालों के जवाब दे सकें.”
मरकज़ी मकतबा इस्लामी पब्लिशर्स के मेराज खालिद ने बताया कि इस्लाम में महिलाओं के मुकाम का वर्णन करने वाली पुस्तकों के अलावा जिहाद और आतंकवाद के बारे में लिखी किताबें भी पाठक ले रहे हैं. इनमें भी गैर मुस्लिमों की संख्या अधिक है. -Agency

-www.legendnews.in

शनिवार, 1 अक्टूबर 2016

शारदीय नवरात्र: जीवित स्त्र‍ियों को जूते में पानी पिला कर किस शक्ति की आराधना करें हम ?

ज़रा सोच कर देख‍िए कि आप शारदीय नवरात्र आरम्भ होने पर पूजा संपन्न करने के बाद कोई ऐसी खबर दिखाई दे कि वह आपकी पूरी की पूरी आस्था को ही हिला दे और यह सोचने पर बाध्य कर दे कि क्या सचमुच ईश्वर अस्तित्व में है या क्या हमारा सबके लिए सद्बुद्धि मांगना सार्थक हुआ।
आज ऐसी ही एक खबर ने आस्था और मनुष्यता के बीच संबंधों की कलई खोल दी।
आज मुझे अंधविश्वास के ख‍िलाफ लड़ने वाले नरेंद्र दाभोलकर जैसे व्यक्तित्व की कमी बहुत अखर रही है। अश‍िक्षा और रुढि़यां आत्मसम्मान को कुचल देती हैं। विवशता उनका हथ‍ियार बन जाती है मजलूमों पर कहर ढाने के लिए।

मनुष्यता को हिला देने वाली ये खबर कुछ यूं है...कि

राजस्थान के भीलवाड़ा में अंधविश्वास को लेकर हालात आज भी नहीं बदले हैं। घटना के अनुसार यहां के ''बंकाया माता'' मंदिर में भूत का साया भगाने के नाम पर महिलाओं को जूतों में भरकर महिलाओं को पानी पिलाया जाता है। यहां भूत उतारने के नाम पर महिलाओं को जूते सिर पर रखकर चलने को कहा जाता है। यही नहीं, उन्हें गंदे जूतों में पानी भरकर पीने को मजबूर भी किया जाता है। ऐसा दशकों से चला आ रहा है, लेकिन किसी ने रोकने की कोशिश नहीं की।
झाड़-फूंक के नाम पर मंदिर का पुजारी मनमानी हरकतें करवाता है। औरतों को जूते सिर पर रखकर कई किलोमीटर तक चलाया जाता है। वहीं एक हौद में पानी भरा रहता है। आस्था का हवाला देकर वहां का पानी जूतों में भरकर पीने को मजबूर किया जाता है। ऐसी महिलाओं को बाल पकड़कर 200 सीढ़ियों पर घसीटा जाता है और पुरुष देखते रहते हैं।
यकीन नहीं होता ना... कि महिलाओं के साथ किया जाने वाला यह अमानवीय बर्ताव 21वीं सदी की सोच से परे है।
भारत में भी महिला सशक्तिकरण की ना जाने कितनी बातें कितने कसीदे रोज बरोज गढ़े जाते हैं मगर ऐसी रूढि़यों के लिए आगे आने की हिम्मत नहीं की जाती।
ये सब ठीक उसी दिन पता चलना हृदय को कोंच गया जब कि आज से ही शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हुआ है और ''बंकाया माता'' मंदिर में भूत भगाने का यह ''कुत्सित'' कार्यक्रम अगले नौ दिनों तक चलेगा भी।
एक आश्चर्य इस बात का भी है कि ये भूत भी जेंडर देखकर आते हैं यानि महिला पर ही आते हैं, पुरुषों पर नहीं। और ये जेंडरवाइज ही उतारे भी जाते हैं, हालांकि पुजारी के अनुसार ये भूत अपना असर कम कर देते हैं मगर पूरी तरह से नहीं जाते।
अर्थात् प्रताड़ना का ये सिलसिला बदस्तूर '' पीडि़त'' महिला के जीवित रहने तक जारी रहता है।

पूरी तरह मानसिक विक्षोभ को भूत कहकर जिस तरह औरतों के साथ दरिंदगी की जाती है, उसका एक और उदाहरण- पीडि़त महिला को मंदिर में बुलाए जाने से पहले तीन दिन तक पानी नहीं दिया जाता, ऐसा  उस ''भूत'' को दंडित करने के लिए किया जाता है ताकि वह मंदिर में आने से पहले कमजोर हो जाए और ''उतारे जाते'' समय वह किसी को नुकसान ना पहुंचाने पाए।

जाहिर है प्यासी महिला को जब कई किलोमीटर तक पैदल चलाकर पानी की हौद में उतारा जाता है तो वह पानी पीने के लिए किसी भी शर्त को मानने को तैयार रहती है, फिर चाहे वह जूते में ही पानी क्यों ना पीना पड़े,  प्यास के आगे वह अश‍िक्षित महिला विवश हो जाती है और पुजारी इसी विवशता फायदा उठाते हुए अपना सिक्का जमा लेता है उसके परिजनों पर।

बहरहाल...  शारदीय नवरात्र शुरू होने पर आज चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन कलश स्थापना के साथ ही माँ दुर्गा की पूजा शुरू हो गई जिसमें देवी दुर्गा के नौ रूपों की पूजा होगी । आज प्रथम दिन की देवी मां शैलपुत्री का वाहन वृषभ, दाहिने हाथ में त्रिशूल, और बायें हाथ में कमल सुशोभित है। शैलपुत्री के पूजन करने से 'मूलाधार चक्र' जाग्रत होता है जिससे अनेक प्रकार की उपलब्धियां प्राप्त होती हैं... आदि धार्मिक प्रवचन , आख्यानों पर राजस्थान की इस एक खबर ने
शैलपुत्री के प्रतीकात्मक स्वरूप में '' मौजूद'' होने और हमारे द्वारा स्त्री को देवी मानने की खोखली रवायत की असलियत खोल दी है।

आख‍िर हम इन जीवित स्त्र‍ियों को जूते में पानी पिला पिला कर किस शक्ति की आराधना कर रहे हैं , और यदि कर रहे हैं तो क्या ये सचमुच फलीभूत हो सकेगी.. .. मेरा संशय बढ़ रहा है। मंत्रों की शक्ति को पुजारी अपनी धूनी भरी मुठ्ठी में जोर से पकड़ कर उस पीडि़त महिला पर फेंक रहा ... है... और मैं जोर जोर से दोहरा रही हूं...

प्रथमं शैलपुत्री च द्वितीयं ब्रह्मचारिणी।
तृतीयं चन्द्रघण्टेति कूष्माण्डेति. चतुर्थकम्।।
पंचमं स्कन्दमातेति षष्ठं कात्यायनीति च।
सप्तमं कालरात्रीति.महागौरीति चाष्टमम्।।
नवमं सिद्धिदात्री च नवदुर्गा: प्रकीर्तिता:।
उक्तान्येतानि नामानि ब्रह्मणैव महात्मना:।।

- अलकनंदा सिंह








बुधवार, 1 जून 2016

Verginity test: पाकीजगी के नाम पर रिश्तों का तमाशा

मैं आज टीना डाबी को केंद्रीय मंत्री डा. जितेंद्र सिंह से प्रशस्ति पत्र लेते हुए देख रही थी कि तभी मेरी नजर उस खबर पर पड़ी जो महाराष्ट्र के नासिक से आ रही थी, जहां एक पत्नी के ‘verginity test’ में फेल होने पर पति ने शादी के 48 घंटे बाद ही तलाक दे दिया। हद हो गई ये तो…कबीलाई सोच इस डिजिटल युग में भी हमारा पीछा नहीं छोड़ रही।
पाकीजगी के नाम पर रिश्तों को तमाशा बनाने वाली यह घटना आज भी यह बताने के लिए काफी है कि लड़कियां चाहे कितना भी आगे बढ़ने का हौसला दिखायें, पुरुषवादी समाज उन्हें पीछे धकेलने में कोई कोताही नहीं बरतता। पाकीजगी का पैमाना भी अलग अलग हो और उसे मापने वाले भी वही हों जो पैमाना तय कर रहे हों तो न्याय देगा भी कौन, और मांगा भी किससे जाए।
बेशर्मी की एक और हद कि यदि यह कथ‍ित ‘वर्जिनिटी टेस्ट’ सिर्फ पाकीजगी का तमगा थामे पति ने ही नहीं लिया, गांव की पंचायत ने एक सफेद चादर देकर इस टेस्ट की तस्दीक पति से करवाई और पत्नी के ‘वर्जिनिटी टेस्ट’ में फेल होने पर पति ने शादी के 48 घंटे बाद ही तलाक दे दिया। हालांकि पत‍ि के अकेले लेने पर भी वह निंदनीय तो था ही, फिर भी हम मान लेते कि यह उनका आपसी मामला था परंतु यह कतई असहनीय ही नहीं आपराध‍िक कृत्य है कि जिले के एक गांव की पंचायत को नवविवाहित लड़की के पति ने बताया कि उसकी पत्नी वर्जिन नहीं है। इसके बाद पंचायत ने उसे अपने पत्नी से तलाक लेने की मंजूरी दे दी।
अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक 22 मई को शादी के बाद जाति विशेष की पंचायत ने कथित तौर पर दूल्हे को एक सफेद रंग की चादर दी थी। दूल्हे से कहा गया था कि शादी की सारी रस्में पूरी होने के बाद इसे पंचायत को वापस लौटा दे। जब दूल्हे ने पंचायत को वह बैडशीट दिखाई तो उस पर ब्लड के निशान नहीं थे। इसके बाद पंचायत ने दूल्हे को शादी खत्म करने की अनमुति दे दी।
सदियों से महिला के लिए उसकी वर्जिनिटी उसकी इज्जत से जोड़ी गई है। आज हम भले ही चांद और मंगल पर पहुंच गए हों, लेकिन बात शादी की आते ही मामला लड़की की वर्जिनिटी पर अटक जाता है। आज भी ऐसे लड़कों की तादाद कम नहीं है जो शादी से पहले डॉक्टरों से यह पूछते हैं कि पत्नी की वर्जिनिटी कैसे टेस्ट की जा सकती है।
गाइनोकॉलोजिस्ट और सेक्स काउंसलर्स से लोग अक्सर पूछते हैं कि अपनी गर्लफ्रेंड या पत्नी की वर्जिनिटी के बारे में कैसे पता लगाया जा सकता है?’
विशेषज्ञ कहते हैं कि लोग अक्सर शादी के बाद यह शिकायत करते हैं कि यौन संबंध बनाने के बाद उनकी पत्नी को ब्लीडिंग नहीं हुई। लोगों के बीच यह धारणा आम है कि महिला की जब वर्जिनिटी पहली बार टूटती है तो उसे ब्लीडिंग होती है लेकिन यह सही पैमाना नहीं है। उन्होंने बताया, कई महिलाओं में तो हाइमन ( झि‍ल्ली ) होती ही नहीं। कुछ महिलाओं में यह लचीला होता है, कुछ केस में यह बचपन में ही फट जाता है, इसलिए अगर पहली बार संबंध बनाने पर भी लड़कियों को ब्लीडिंग नहीं होती तो इसका मतलब ये नहीं कि वो वर्जिन नहीं है मगर नासिक वाली घटना में इस चिकित्सकीय सच के कोई मायने नहीं हैं।
बहरहाल, ये घटना सिर्फ एक ”पाकीजा रिश्ते” को उसके ”वजूद” को शरीर से ही नापने पर ही सवाल नहीं उठाती, उस सामाजिक बेहयाई पर दंडात्मक अंकुश की भी मांग करती है जो पति को सफेद चादर पर न मिलने वाले खून के धब्बों की मोहताज है।
हालांकि अच्छी और सकारात्मक बात यह रही कि 48 घंटे के भीतर घटी जीवन को बदलने वाली इस घटना से दुल्हन और उसके घर वालों ने न सिर्फ दूल्हे के ख‍िलाफ पुलिस में श‍िकायत की बल्कि पंचायत को भी साथ में नामजद कराया है। शादी से पहले लड़की पुलिस कांस्टेबल की भर्ती के लिए तैयारी कर थी और अब इस घटना ने उसके इरादों को और पुख्ता कर दिया है।
निश्चित ही ऐसी सामाजिक बुराइयों का विरोध इसी तरह सकारात्मक तरीके से करना होगा ताकि कुरीतियों और रूढ़‍िवादी सोच को परे धकेला जा सके। हमारे समाज की ये दो तस्वीरें हैं, एक में टीना डाबी और दूसरी में नासिक की ये दुल्हन, दोनों हमारे लिए सूचक हैं कि अभी औरतों को ”वस्तु” की तरह ट्रीट किए जाने से कितना और आगे जाना है।
इन्हें पंचायतियों को कौन बताये कि-
बंदिशों और इम्तिहानों की लंबी यात्रा ने
हमारे हौसलों को और बुलंद ही किया है…।

- Alaknanda singh