हिंदी दिवस लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
हिंदी दिवस लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 14 सितंबर 2017

ऐसा कहां होता है भाई...कि मारौ घोंटूं फूटी आंख ?

ब्रज में ये कहावत बहुत प्रचलित है-  ''मारौ घोंटूं फूटी आंख'', यानि कुछ किया और कुछ और ही हो गया, यूं इसके शब्‍द विन्‍यास से आप लोग समझ पा रहे होंगे कि जब घुटने में मारने से आंख कैसे फूट गई, तो आप सही सोच रहे हैं और यही तो मैं भी कहना चाह रही हूं कि घुटने में मारने से आंख नहीं फूटा करती। और जब ऐसा किया जा रहा हो तो निश्‍चित जानिए कि समस्‍या को छुपाया जा रहा है और इसके हल करने में बेइमानी की जा रही है क्‍योंकि सही इलाज के लिए जब तक समस्‍या की जड़ तक न पहुंचा जाए तब तक उसका हल हो पाना असंभव होता है।

मेरे सामने इसी कहावत से जुड़ा एक वाकया कल तब सामने आया जब मुझे एक डॉक्‍टर मित्र (चूंकि अब फैमिली डॉक्‍टर नहीं होते) के केबिन में जाने का ''सुअवसर'' प्राप्‍त हुआ। इसे सुअवसर इस लिए कह रही हूं कि धरती पर मौजूद इन कथित भगवानों ने ही उक्‍त कहावत का सर्वाधिक उपयोग (अब ये आप पर निर्भर है कि इसे सदुपयोग कहें या दुरुपयोग) किया है।

फिलहाल का वाकया कुछ यूं है कि डॉक्‍टर साहब के सामने ग्रामीण तथा गरीब नजर आ रहे एक 80-90 वर्षीय वृद्ध हांफते हुए आए और बोले कि मेरी पीठ में नीचे की तरफ बहुत दर्द है, 5 दिन से शौच नहीं गया, आज गया तो शौच के वक्‍त 2-4 गांठें निकलीं, सांस फूल रही है और भूख नहीं लग रही...जबकि इन पांच दिनों से पहले मैं अच्‍छा था, डॉक्‍टर साहब ने वृद्ध की पीठ चेक की, पूछा-कहीं चोट-वोट तो नहीं लगी या गिर-विर तो नहीं पड़े, वृद्ध के मना करने पर डॉक्‍टर साहब ने पास ही खड़े उसके बेटे को 'पर्चा' (खर्रा भी कह सकते हैं) थमाया, बोले- फलां-फलां रूम नं. में जाओ और इनका ईसीजी करा लाओ।

अरे भाई, जब ''5 दिन'' से पेट खराब है, शौच की तकलीफ है, तो जाहिर है कि वृद्ध के पेट में गैस बन रही है जो ज्‍यादा बनने पर धमनियों तक प्रेशर डालती है और फिर इससे सांस फूलती है। यह सीधी-सीधी पेट की समस्‍या थी, इसमें ईसीजी की क्‍या आवश्‍यकता है भला। 200 फीस के और 500 ईसीजी के, सो डॉक्‍टर साहब ने 700 सीधे किए। दवाइयां पेट साफ की ही दीं गईं मगर ''चूना'' लगा दिया ईसीजी का। रोग कोई लेकिन टेस्‍ट किसी और का फिर चाहे वृद्ध इस टेस्‍ट के बाद हमेशा ''दिल का रोगी'' होने के भय में जिया करे। यूं तो इसके चिकित्‍सकीय निहितार्थ अनेक हैं, उन पर फिर कभी चर्चा होगी, मगर सच में चोट घुटने में थी यानि पेट खराब था और डॉक्‍टर ने आंख फोड़ दी यानि ईसीजी करवा दिया । पेट के रोग का कष्‍ट इतना नहीं था जितना कि दिल के रोग का भय तारी हो गया वृद्ध के ज़हन पर।

इसी कहावत ''मारौ घोंटूं फूटी आंख'' का दूसरा उदाहरण आज का हिंदी दिवस है।
सोशल मीडिया से लेकर चर्चाओं-गोष्‍ठियों में आज पूरा देश हिंदीमय दिखाई देगा मगर  इधर दिवस समाप्‍त, उधर हिन्‍दीप्रेम गायब। कॉन्‍वेंट स्‍कूलों में अपने बच्‍चों को पढ़ाकर  इतराने वाली 'मॉम्‍स', हिन्‍दी पर ''डिबेट'' के लिए इंटरनेट की ''हेल्‍प'' से बच्‍चों को  ''डिक्‍टेट'' कर रही हैं और सिखाते हुए पूछ भी रही हैं कि ''टेल मी बेटा, हू इज  मैथिलीशरण गुप्‍त, यू मस्‍ट लर्न योर पॉइम व्‍हिच आई हैव गिव इट टू यू, गिव योर  बेस्‍ट इन क्‍लास'' ।

राष्‍ट्रभाषा हिन्‍दी की इस दशा (आशावादी होने के कारण मैं इसे अभी दुर्दशा नहीं कहूंगी)  पर उक्‍त कहावत ''मारौ घोंटूं फूटी आंख'' एकदम खरी उतरती है। बच्‍चे में प्रथम  संस्‍कार देने वाला घर और मां ही जब बच्‍चे को अपनी रोमन लिपि में हिन्‍दी पर 'डिबेट'  के लिए 'लेसन' देगी, तो कोई भी सरकार या कोई भी भाषाविज्ञानी एड़ीचोटी का जोर  लगा ले, वह बच्‍चे को हिन्‍दी नहीं सिखा सकता। और यदि सिखा भी दी, तो अपनी  राष्‍ट्रभाषा के लिए सम्‍मान नहीं पैदा कर सकता, राष्ट्रभाषा के प्रति प्रेम आदर राष्ट्र की एकता और अखंडता का जनक है। बात यहां भी वही है कि रोग हमारे  घर में है और इसका इलाज हम गोष्‍ठियों-परिचर्चाओं में ढूढ़ रहे हैं।

''मारौ घोंटूं फूटी आंख'' कहावत का लब्‍बोलुआब ये है कि घुटने में मारने से आंख नहीं  फूटा करती, जिस तरह पेट का रोग ईसीजी टेस्‍ट से ठीक नहीं हो सकता, ठीक उसी  तरह हिन्‍दी को भी रोमन ट्रांसलेशन के ज़रिये ''अपनी राष्‍ट्रभाषा'' नहीं बनाया जा  सकता। हमारी नज़र में ये कहावतें भले ही हमसे कम शिक्षितों ने बनाई हों मगर ये  रोजमर्रा की ज़िंदगी में जितना कुछ सिखा जाती हैं, उतना तो आज हम तमाम डिग्री  लेकर भी नहीं सिखा सकते।
ये भारतवर्ष अपनी जिजीविषाओं के लिए जाना जाता है  और पेशे से गद्दारी हो या भाषा से धोखा, दोनों ही अपने अपने अस्‍तित्‍व के लिए  खतरनाक हैं। हम मुलम्‍मों के सहारे कब तक अपना और अपनी भाषाओं का विकास  कर पाऐंगे।

बेहतर तो यही होगा कि हम घुटने पर मार के कारण आंख के फूट जाने का इल्‍ज़ाम ना लगाएं  वरना समस्‍या जस की तस बनी रहेगी और यह स्‍थिति इलाज न करके इल्‍ज़ाम तक  ही सीमित रह जाएगी क्‍योंकि यह तरीका समस्‍या  से मुंह फेर लेने के अलावा कुछ है ही नहीं। सो मारौ घौंटू ना ही फूटै आंख...हैप्‍पी हिन्‍दी डे...☺☺☺☺    

-अलकनंदा सिंह

बुधवार, 14 सितंबर 2016

हिन्दी दिवस पर विशेष: दिल्ली सरकार का भाषादूत सम्मान पर विवाद, Om Thanvi का भी इस्तीफा


दिल्ली सरकार का भाषादूत सम्मान पर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा , हिंदी अकादमी के संचालन समिति सदस्य वरिष्ठ पत्रकार Om Thanvi ने भी इस्तीफा दे दिया है ।
दिल्ली की केजरीवाल सरकार अपनी हिंदी अकादमी की ओर से दिए जा रहे भाषादूत सम्मान को लेकर और घिर गई है। पहले लेखकों को इस सम्मान के लिए आमंत्रित करने और बाद में खेद जताकर इनकार कर देने से अकादमी की  संचालन समिति में रोष है। समिति के सदस्य वरिष्ठ पत्रकार ओम थानवी ने तो पद से इस्तीफा दे दिया है, वहीं भाषादूत के लिए चुने गए दो लेखकों, ललित कुमार और राहुल देव ने ये सम्मान लेने से ही इनकार कर दिया है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता वाली हिंदी अकादमी की कर्ताधर्ता जानी-मानी साहित्यकार मैत्रेयी पुष्पा हैं। अकादमी ने पहले पत्र के जरिये लेखक अरुण देव, अशोक कुमार पांडेय, संतोष चतुर्वेदी, अभिषेक श्रीवास्तव, और पत्रकार शिवेंद्र सिंह को भाषादूत सम्मान देने के लिए आमंत्रित किया, लेकिन दो दिन पहले ही त्रुटिवश नाम शामिल होने का पत्र भेजकर खेद जता दिया, इसके बाद सोशल मीडिया पर केजरीवाल सरकार की जमकर आलोचना हो रही है।
इधर, इस पूरे विवाद में अकादमी की संचालन समिति के सदस्य ओम थानवी ने इस्तीफा दे दिया है। थानवी ने बताया कि यह हिंदी अकादमी की स्वायत्तता पर कुठाराघात है। प्रतिष्ठित कथाकार मैत्रेयी पुष्पा को अकादमी का उपाध्यक्ष बनाया गया तब हम सबको खुशी हुई थी, भले पदेन अध्यक्ष मुख्यमंत्री होते हैं। फिर मैत्रेयी जी के कहने पर मैंने संचालन समिति की सदस्यता स्वीकार कर ली। कैसी विडंबना है कि संचालन समिति का सदस्य हूं और सोशल मीडिया से पता चलता है कि हिंदी दिवस पर अकादमी ‘डिज़िटल दुनिया’ के लेखकों-पत्रकारों को ‘भाषादूत’ सम्मान से सम्मानित कर रही है। यह फैसला कब हो गया? अगर ऐसे ही होता है तो अकादमी की संचालन समिति क्यों बनती है? आखिर किसी निर्णायक समिति आदि की संस्तुति पर संचालन समिति की सम्मति दरकार होती है कि नहीं? निर्णायक समिति कब बनी?
थानवी ने कहा कि मुझे पुरस्कृत होने वाले कुछ नाम देखकर सदमा भी लगा। खासकर हर सरकार के दरबारी अशोक चक्रधर का, जो खुद इस अकादमी के उपाध्यक्ष रहे हैं। कृष्ण बलदेव वैद को पुरस्कार घोषित कर वापस लेने का काम भी उन्हीं के वक्त हुआ। तब साहित्यकारों ने इसका सामूहिक विरोध किया था। बाकी कुछ नाम मसलन राहुल देव (जनसत्ता वाले नहीं)- मैंने सुने तक नहीं। लेकिन खुशी की बात है कि राहुल देव ने इस तरह लेखकों का अपमान करने वाले कदम का विरोध करते हुए यह सम्मान लेने से इनकार कर दिया है।
थानवी ने कहा कि चौंकाने वाली बात यह भी है कि मैंने इस विवाद पर सुबह मैत्रेयी जी को फ़ोन भी किया था तो उन्होंने बताया कि ये नाम उनके सुझाए हुए नहींहैं। उनके सुझाए नाम तो संस्कृति मंत्री ने ख़ारिज कर दिए। जबकि उपाध्यक्ष की संस्तुति के बाद अकादमी कार्यालय ने उन पांच लेखकों (अरुण देव, अशोक कुमार पांडेय आदि) से संपर्क कर पत्र भी भेज दिए थे। बाद में उन्हें निरस्त कर दिया गया। मुझे नहीं लगता कि किसी हिंदी सेवी का इससे बड़ा अपमान अकादमी कर सकती है।
थानवी ने कहा कि इस प्रकरण में सबसे ज़्यादा जहां अकादमी की स्वायत्तता आहत हुई है, वहीं हम संचालन समिति के सदस्यों का भी अपमान हुआ है, जिनकी अब तक तो कोई बैठक ही नहीं हुई और पुरस्कार तय-निरस्त भी हो गए। उन्‍होंने कहा कि ऐसे परिवेश में मैं अकादमी को सहयोग नहीं कर सकता और इस्तीफा देने की सूचना भी मैंने अकादमी को प्रेषित कर दी है।
इधर, इंटरनेट पर कविता कोष जैसे सर्वाधिक लोकप्रिय पोर्टल के मॉडरेटर ललित कुमार ने अकादमी के इस व्यवहार को हिंदी सेवियों का अपमान बताया है। ललित कुमार ने अपनी फेसबुक वॉल पर लिखा है कि मैंने हमेशा कहा है कि कविता कोश हम और आप सबकी साझी परियोजना है। साहित्यकार भी इस स्वयंसेवी समाज का हिस्सा हैं। ऐसे में अरुण देव, अशोक कुमार पांडेय और संतोष चतुर्वेदी के साथ हुए प्रकरण के बाद मुझे नहीं लगता कि मैं हिंदी अकादमी का भाषादूत सम्मान स्वीकार कर सकता हूं। इसलिए मैं हिंदी अकादमी, दिल्ली का भाषादूत सम्मान विनम्रतापूर्वक अस्वीकार कर रहा हूं।
दूसरी ओर राहुल देव ने भी भाषादूत सम्मान लेने से इनकार कर दिया। राहुल ने तो यहां तक कह दिया कि उन्हें पता ही नहीं कि उन्हें सम्मान क्यों दिया जा रहा है? उन्हें तो कन्‍फर्म करना पड़ा कि सम्मानित किए जाने वाले व्यक्ति वे ही हैं।
राहुल ने अपनी फेसबुक वॉल पर लिखा है- मुझे अकादमी से परसों स्वीकृति के लिए एक फोन आया था कि आपको सम्मानित कर रहे हैं, मुझे यह जानकार थोड़ा आश्चर्य भी हुआ था कि मैंने ऐसा कौन सा काम कर दिया जो अकादमी मुझे सम्मानदे रही है। इस सम्मान की वैसे तो कोई आवश्यकता नहीं थी, फिर भी अगर देना था तो निश्चित रूप से यह तीनों साहित्यकार अरुण देव, अशोक कुमार पांडेय और संतोष चतुर्वेदी मुझसे ज्यादा योग्य और उचित थे फिर रातोरात इस तरह निर्णय में बदलाव बेहद अपमानजनक होता, किसी के भी लिए। यह सब देखकर मैंने इस सम्मान को लेने से पहले ही इनकार कर दिया। अकादमी की कार्यप्रणाली की निंदा और पूरी भर्त्सना के साथ, उनका पुरस्कार उन्हें ही मुबारक हो।