politics लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
politics लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 22 जुलाई 2016

Politics: महिलाओं के लिए बदजुबानी में कौन कम है भला

women के लिए बदजुबानी में कौन कम है भला, खासकर राजनीति में और वो भी राजनीति अगर यूपी की हो तो कहने ही क्या। यूपी बीजेपी नेता दयाशंकर सिंह के बयान से देश की सियासत में उबाल है। उनकी मायावती पर की गई भद्दी टिप्पणी को राजनीतिक के गिरते स्तर का एक और नमूना कहा जा रहा है। हालांकि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है।

घटनाक्रम तेजी से बदल रहे हैं जिसके तहत -दयाशंकर सिंह के अपशब्दों के विरोधस्वरूप बसपा के गालीबाजों को अपनी जुबान साफ करने का मौका मिल गया और उन्होंने अपने नेता नसीमुद्दीन सिद्दकी की अगुवाई में दयाशंकर की पत्नी स्वाति व उनकी 12 साल की बच्ची को ”पेश” करने की बात कहकर गंदी जुबान की पराकाष्ठा पार कर दी। मायावती इसे TiT for Tat यानि गाली का बदला गाली बता रही हैं । कम से कम यूपी में सब जानते हैं कि बदजुबानी में तो स्तरहीन वह भी हैं ।

हालांकि दयाशंकर को भाजपा से निष्काष‍ित कर उन्हें पदच्युत कर भाजपा ने अपना कर्तव्य निभाया, यूपी पुलिस दयाशंकर को खोजने में जुटकर अपना कर्तव्य निभा रही है और उनकी पत्नी स्वाति सिंह अपने व अपनी बेटी के प्रति बसपाइयों द्वारा बोले गए ”अपमानजनक अपशब्दों ” को लेकर मायावती के ख‍िलाफ लखनऊ के हजरतगंज थाने में मामला दर्ज करवा चुकी हैं। उनका कहना सही भी है कि पूरे देश ने देखा कि कल बसपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किस भाषा का इस्तेमाल किया। क्या यह महिलाओं की गरिमा के खिलाफ नहीं है।
बहरहाल, इस बदलते घटनाक्रमों के बावजूद बात तो ये है कि महिलाओं को लेकर इतनी बदजुबानी क्यों। इसी वजह से सियासत में महिलाओं का आना सभ्रांत स्तर का नहीं माना जाता।

ज़रा एक नजर समय समय पर दिए गए ”बड़े नेताओं” के इन गरियाऊ बयानों पर –

1. दिसंबर 2012 में जब गुजरात विधानसभा के चुनाव नतीजे आए थे, तब कांग्रेस के पूर्व सांसद संजय निरुपम ने स्मृति ईरानी को ठुमके वाली कह डाला था। निरुपम ने कहा था- आप तो टीवी पर ठुमके लगाती थीं और आज चुनावी विश्लेषक बन गई हैं।
2. कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह अपनी ही पार्टी की तत्कालीन सांसद मीनाक्षी नटराजन (मंदसौर) को सौ टंच माल करार दिया था।
3. वर्तमान में केंद्रीय मंत्री और पूर्व सेना प्रमुख वीके सिंह ने मीडिया को presstitutes कह कब संबोधित किया था।
4. दिल्ली से भाजपा विधायक ओपी शर्मा ने सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी की विधायक अल्का लांबा को रात में घूमने वाली करार दिया था।
5. 2015 में जदयू नेता शरद यादव ने राज्यसभा में दक्षिण भारतीय महिलाओं पर अजीब टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था, दक्षिण भारत की महिलाएं दिखने में काली होती हैं, लेकिन उनका शरीर सुंदर होता है। ऐसा यहां नजर नहीं आता।
6. 2014 में मुंबई के शक्तिमील में दो महिलाओं से गैंगरेप में कोर्ट के फैसले पर मुलायम सिंह यादव यह कह बैठे थे कि लड़के तो लड़के हैं। गलतियां करेंगे ही। जब भी दोस्ती खत्म होती है, लड़की के लिए लड़का रेपिस्ट बन जाता है।
7. राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के बेटे अभिजीत मुखर्जी का यह बयान भी खासा विवादों में रहा, जिसमें उन्होंने निर्भया गेंगरेप कांड के दौरान कहा था कि जो लड़कियां यहां हाथों में मोमबत्तियां लेकर प्रदर्शन कर रही हैं, वो रात में डिस्को जाती हैं।

ये तो वो उदारण हैं जो मुझे याद रहे अन्यथा हम अपने घर, मोहल्ले से लेकर हाई प्रोफाइल सोसाइटीज तक महिलाओं को गरियाने वालों को या तो तिरछी नजर से देखकर छोड़ देते हैं या फिर दो चार बात सुनाकर। राजनीति में आने वाली महिलाओं के लिए सम्मान पाना बड़ी टेढ़ी खीर है। खासकर तब जबकि हमारी नीति नियंता जमात चारित्रिक अपशब्दों का जखीरा अपनी कांख में हमेशा दबाए घूमती फिरती हो। किसी महिला से ज़रा सा मात खाए नहीं कि बिलबिलाकर गालियों को थूकने में देर नहीं करते, साथ ही जस्टीफाई भी करते हैं कि ”वो” तो है ही इसी लायक, ये सब तो राजनीति में चलता ही है, नहीं सुन सकती तो राजनीति में आई ही क्यों… आदि आदि।

मायावती के बहाने से ही सही, ये बात एकबार फिर उठी है और संसद से इसकी जोरदार भर्त्सना भी हुई, यह सूचक है कि समाज के सांस्कृतिक पतन को अब चुप होकर नहीं सुना जा सकेगा… आवाज उठेगी ही…।

– अलकनंदा सिंह

गुरुवार, 10 अप्रैल 2014

समर शेष है

आज बड़ी शिद्दत से रामधारी सिंह दिनकर की वो पंक्‍तियां याद आ रही हैं जो उनकी कविता ''समर शेष है '' में उद्धृत की गई हैं-
समर शेष है, नहीं पाप का भागी केवल व्याघ्र,
जो तटस्थ हैं, समय लिखेगा उनका भी अपराध।

आज जो तमाशा राजनीति में चल रहा है, उसने यह अच्‍छी तरह बता  दिया है कि हमाम के भीतर सबके सीन बेशक अलग-अलग हैं मगर हर सीन पर तालियां पीटने वाले चाटुकार एक जैसे हैं। सांप-बिच्‍छुओं की किस्‍में भले ही भिन्‍न-भिन्‍न हैं मगर उनकी विष वमन करने की फ़ितरत एक समान हैं। देर है तो बस मौका मिलने की। जिनके हाथों में हम अपना वर्तमान और भविष्‍य सौंपते आये हैं, चुनावों की वजह से ही सही, उनकी असलियत तो सामने आ ही रही है।
आज तक हम इनके बयानों को महज पॉलिटिकल स्‍टंट कह कर कन्‍नी काटते रहे हैं और अपने बचाव के लिए सुविधा अनुसार कोई ना कोई बहाना भी ढूढ़ते रहे हैं, लेकिन हमारा यही बरताब आज इन राजनीतिक स्‍थितियों का जिम्‍मेदार है। यदि ऐसा नहीं होता और हम तटस्‍थ भाव से मूकदर्शक ना बने रहते तो ...तो... बीते 66 सालों में इन्‍हें कितनी बार आइना दिखा चुके होते। खुदमुख्‍़तारी हमें थर्ड जेंडर यानि 'तीसरे' की तरह व्‍यवहार करने की अनुमति नहीं देती मगर हम ऐसा ही करते आये हैं । खुदमुख्‍़तारी को कोने में धकेलकर थर्ड जेंडर की तरह तालियां पीटना और तटस्‍थ रहकर रोते रहना... यदा-कदा नेताओं को गरियाते रहना अथवा चुनावों के समय मतदान कर देना भर ही तो कर्तव्‍य नहीं है...इससे आगे भी हमें अपना रुख इन्‍हें बताना चाहिए था कि धर्म और जाति के नाम पर जितना खेल कर सकते थे, वह कर चुके ...अब और नहीं।
अभी तक तो ये लोकतंत्र का वास्‍ता देकर एक दूसरे को गरिया रहे थे , स्‍वार्थ की खातिर जोड़तोड़ करके पार्टियां बदल रहे थे...मगर अब तो हद ही हो गई है उस कुत्‍ता घसीटी की जिसमें इन्‍होंने उन जांबाजों को भी नहीं बख्‍शा जिन्‍होंने जान की बाज़ी लगाकर करगिल को पाकिस्‍तानी घुसपैठियों से आज़ाद कराया था। वे देश के रक्षक थे, वीर थे, वे ना हिंदू थे ना मुसलमान,वे किसी जाति-धर्म के खांचों में बंटकर नौकरी नहीं कर रहे थे। उन्‍हें धर्म विशेष का बताने वाले नेताजी तब कहां थे जब मुज़फ्फ़रनगर के कैंपों में औरतें और बच्‍चे बीमारी और ठंड से मर रहे थे । सुना है कि उन्‍होंने अपने दुश्‍मनों (मीडिया पर्सन्‍स) से रोना रोया है कि उन्‍हें वहां जाने नहीं दिया गया। अरे भई, इन्‍हें कोई ये बताये कि सरकार इनकी, फोर्स इनकी, सुविधाएं इनकी, कैंप में मरने वाले इनके अपने ...फिर इन्‍हें रोका किसने...ये निहायत वाहियात सफाई थी। 
कोई इन्‍हें ये भी बताये कि मतदाता भी कॉमनसेंस रखते हैं...यूं भी काठ की हांडी एक ही बार चढ़ती है। रही बात सेना को हिंदू, मुसलमान में बांटकर देखने की तो नेताजी के दिल में जो दबा था वही जुबां पर आया है। 
बहरहाल, किस्‍से तो ऐसी सोचों के बड़े लंबे हैं...अभी के लिए इतना ही कि इनके भड़काऊ भाषणों और दिमागी दिवालियेपन पर ध्‍यान न दिया जाए। मतदान के चरण शुरू हो चुके हैं, 16 मई को नतीजा सामने होगा...ध्‍यान दें तो इस बार पर कि तटस्‍थता जैसा अपराध अब और ना हो, 66 साल हमने ये सोचकर और चुप रह कर गुजार दिये कि कभी तो हवा बदलेगी...मगर अब और इंतज़ार नहीं, निर्णय करना होगा हमें ताकि स्‍वर्ण सिंघासनों पर कुंडली मारे बैठे...विषैली जुबान वालों का असली रंग हम जान सकें... फनों को कुचलने का इससे बढ़िया मौका और क्‍या होगा ...बिना भेद-भाव के ऐसे सभी तत्‍वों को सबक सिखाएं जो अलग-अलग पार्टियों और अलग-अलग मुखैटों की आड़ में घिनौना खेल खेलते आए हैं।
अंत में दिनकर की ही कविता एक बार फिर...

समर शेष है इस स्वराज को सत्य बनाना होगा।
जिसका है यह न्यास, उसे सत्वर पहुँचाना होगा।
धारा के मग में अनेक पर्वत जो खड़े हुए हैं,
गंगा का पथ रोक इन्द्र के गज जो अड़े हुए हैं,
कह दो उनसे झुके अगर तो जग में यश पाएँगे,
अड़े रहे तो ऐरावत पत्तों -से बह जाएँगे।
समर शेष है जनगंगा को खुल कर लहराने दो,
शिखरों को डूबने और मुकुटों को बह जाने दो।
पथरीली, ऊँची ज़मीन है? तो उसको तोडेंग़े।
समतल पीटे बिना समर की भूमि नहीं छोड़ेंगे।
समर शेष है, चलो ज्योतियों के बरसाते तीर,
खंड-खंड हो गिरे विषमता की काली जंज़ीर।

 

-  अलकनंदा सिंह