धर्म लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
धर्म लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 4 नवंबर 2017

धर्मध्‍वजा पर छाती चौड़ी करने वालों का एक सच यह भी

 आज कर्तिक पूर्णिमा भी है, देव दीपावली भी और गुरू नानक जयंती भी...इस शुभ दिन पर धर्म की सर्वाधिक बातें की जाऐंगी मगर कुछ सच ऐसे हैं जो इन बड़ी बड़ी बातों में दबे रह जाऐंगे।

यूं भी धर्म जब तक किताबों में रहता है तब तक वह बहुत आकर्षित करता है परंतु जब इसी धर्म को निबाहने की बारी आती है तो हम अपने-अपने तरीकों से इससे भाग जाने के रास्‍ते तलाशने लगते हैं।

आज दो खबरों ने दिल कचोटा-
पहली खबर है गिरिराज गोवर्द्धन समेत ब्रज के सभी मंदिरों में भगवान  सर्दी के व्‍यंजन 'सुहाग-सोंठ' खाऐंगे, मेवाओं से लदे-फदे भगवान 'डिजायनर  व विदेशी रजाइयां ओढ़ेंगे' और इसी के ठीक उलट दूसरी खबर एक गौशाला  से आई है कि ब्रज की इस गौशाला में हर रोज लगभग तीन गायें भूख के  कारण बीमार पड़ रही हैं और अपने प्राण त्‍याग रही हैं।

गोवर्द्धन पूजा और गौचारण करके जिस कृष्‍ण ने गौसेवा को सर्वाधिक उच्‍च स्‍थान दिलाया, आज उसी की नगरी की गायें भूख से तड़प कर मर रही हैं, वह भी तब जब उसे भोग सुहाग-सौंठ और मेवाओं का लगाया जा रहा हो।

बहरहाल इन दोनों खबरों से उन अखाड़ेबाजों का सच स्‍वयमेव सामने आ गया है, जो बात-बात पर धर्म की ध्‍वजा लेकर कूद पड़ते हैं।

दरअसल, धर्म के इस बाजार में अशक्‍त व देशी निठल्‍ली गायें अपनी  कीमत नहीं रखतीं। इनकी दुर्दशा को किसी भी तरह भुनाया नहीं जा  सकता। धर्म के इसी 'व्‍यापारिक रूप' के वो सच भी हमारे सामने हैं जो  धर्म को खास लिबास, खास प्रतीक चिन्‍हों और खास जीवनशैली से बांधकर  उन लोगों के सामने परोसते हैं जो इन्‍हें ही धर्म और ईश्‍वर समझ इनके  ''भक्‍त'' हो लेते हैं। ये अलग बात है कि 'आपसदारी के तहत' वो भक्‍त भी  इनके व्‍यापार का ही हिस्‍सा होते हैं।

ब्रज के धार्मिक बाजार का हाल तो यह है कि पिछले डेढ़-दो दशक से हर  गली-कुंजगली में तीन-चार भागवतवक्‍ता उग चुके हैं, छप्‍पन भोगों से  ''पुण्‍य'' कमाया जा रहा है, फूलबंगला व भांति-भांति की रसोइयों के  आयोजनों से धर्म की नगरी में अरबों तक का व्‍यापार रोज हो रहा है।  बची-खुची कसर अब प्रदेश सरकार द्वारा इसे कृष्‍णा सर्किट के तौर पर  विकसित करने के लिएआई अनेक छोटी-बड़ी योजनाओं ने पूरी कर दी है।
बाजार के इस राजनैतिक व धार्मिक कोण की कीमत अब ब्रज की उन  गौशालाओं को चुकानी पड़ रही है जो न तो किसी ''खास भगवत वक्‍ता'' से  अनुदान पाती हैं और ना ही जिनके संरक्षक ''एनआरआई या सेठगण हैं''।

ये एनआरआई, सेठगण और बड़े ओहदेदार भक्‍त किसी बड़े भागवतवक्‍ता  को दान (इनकम टैक्स की 80 जी धारा के तहत तय की गई अनुबंध  राशि) देना ज्‍यादा अच्‍छा समझते हैं, इसके अलावा भक्‍ति-प्रदर्शन के लिए  आए दिन 56 भोगों का आयोजन और ऋतुओं के अनुसार भगवान को  लगाए जाने वाले स्‍पेशल भोगों को स्‍पांसर करना ज्‍यादा फायदे का सौदा  होता है। बजाय इसके कि ये सभी समृद्ध लोग अशक्‍त व मरती हुई गायों  के लिए आगे आऐं।

किसी भी धार्मिक स्‍थान से दूर रहने वालों के लिए उस पवित्र स्‍थान का  महत्‍व ज्‍यादा होता है बनिस्‍बत उनके जो स्‍वयं इन पवित्र स्‍थानों के वाशिंदे  हैं क्‍योंकि जीते जी मक्‍खी कोई नहीं निगल सकता और धर्मस्‍थानों के इन  धार्मिकजनों के कृत्‍यों को कम से कम मैं तो इसी श्रेणी में रखती हूं। 

आएदिन गायों को लेकर अनेक नीति-राजनीति-धर्मनीति तय की जाती हैं  उनका बखान किया जाता है मगर ज़मीनी हकीकत इससे बहुत अलग है।

बेहतर होगा कि सच के इस पक्ष से भी सिर्फ सरकारें ही नहीं, हमको भी  रुबरू होने की आवश्‍यकता है वरना कसीदों का क्‍या है...गाय तो हमारी  माता है ही और मूर्तियों को पूजना हमारी परंपरा...इन जुमलों पर ना जाने  कितने आश्रम फाइवस्‍टार हो गए और ना जाने कितने बाबा अरबपति...।

-अलकनंदा सिंह

गुरुवार, 13 जुलाई 2017

धर्म की दीमकें और कब तक

इस विषय पर मैं पहले भी काफी लिखती रही हूं और आज फिर लिख रही हूं क्‍योंकि यह विषय  मुझे हमेशा से न सिर्फ उद्वेलित करता रहा है बल्‍कि नए-नए सवाल भी खड़े करता रहा है।
व्‍यापारिक तौर पर बड़े टर्नओवर के नए वाहक बने सभी धर्मों के अनेक ऐसे धर्मगुरु और धार्मिक संस्‍थान  अपने अपने धर्म के मूलभाव को ही दीमक की तरह चाट जाने पर आमादा हैं जिसमें समाज  कल्‍याण का मूलभाव तिरेहित है इसीलिए सभी ही धर्मों के इस व्‍यापारिक रूप को लेकर सवाल  उठना लाजिमी है। 
चूंकि भारत की लगभग पूरी आबादी लगभग धर्मावलंबी है, हर एक व्‍यक्‍ति किसी ना किसी धर्म  को मानने वाला है और सभी धर्म, पाप से दूर रहने का संदेश देते हैं। हर धर्म में स्‍वर्ग और नरक  की परिभाषाएं भी विस्‍तार से दी गई हैं, इस सब के बावजूद सभी धर्मावलंबियों में इतना अधिक  गुस्‍सा, इतना स्‍वार्थ और इतना अनाचार क्‍यों है?
अपने ''अंडर'' लाखों- करोड़ों अनुयाई होने का दावा करने वाले धर्मगुरू भी इस नाजायज गुस्‍से के  दुष्‍परिणामों से अपने भक्‍तों को अवगत क्‍यों नहीं करा पा रहे।
क्‍यों धर्म ध्‍वजाएं सिर्फ सिर्फ मठ, मंदिर, मस्‍जिद और गिरिजाघरों की प्रतीक बनकर रह गई हैं,  क्‍यों वह मात्र इन धार्मिक स्‍थलों पर फहराने के काम आती हैं। जनकल्‍याण के लिए भी धर्म का  वास्तविक संदेश देने से परहेज क्‍यों किया जा रहा है।  पग-पग पर धार्मिक केंद्रों के होते हुए  दंगे-फसाद-अत्‍याचार-अनाचार-व्‍यभिचार आदि कैसे सर्वव्‍यापी हैं।

प्रश्‍न अनेक हैं परंतु उत्‍तर कमोवेश सभी का एक ही निकलता दिखता है कि धर्म की दुकानें तो  सजी हैं और उन दुकानों से अरबों-खरबों का कारोबार भी हो रहा है, इस कारोबार से बेहिसाब  चल-अचल संपत्‍तियां बनाने वाले भी बेशुमार हैं मगर धर्म ही ''मौजूद'' नहीं है। जाहिर है कि ऐसे  में कौन तो धर्म को समझाएगा और कौन उसका पालन करेगा।

सर्वविदित है कि जब बात ''धर्म'' से जोड़ दी जाती है तो धर्मावलंबियों और उनके अनुयाइयों की  सोच में लग चुकी दीमक को टैबू रखा जाता है और उसी सोच का महिमामंडन पूरी साजिश  के  तहत बदस्‍तूर चलता रहता है। सभी धर्माचार्यों और उनके अंधभक्‍तों की स्‍थिति इस मामले में  समान है। यहां तक कि राजनीतिक दल और सरकारें भी इसी लकीर पर चलती हैं और इनकी  आड़ में धर्म की गद्दियां अपने साम्राज्‍य का विस्‍तार करती जाती हैं।
चूंकि मैं स्‍वयं सनातनी हूं और दूसरे किसी धर्म पर मेरा टीका-टिप्‍पणी करना भी विवाद का विषय  बनाया जा सकता है इसलिए फिलहाल अपने ही धर्म में व्‍याप्‍त विसंगति का जिक्र करती हूं।

पिछले दिनों हमारे ब्रज का प्रसिद्ध मुड़िया पूर्णिमा मेला (गुरू पूर्णिमा मेला) सम्‍पन्‍न हुआ। हमेशा  की तरह लाखों लोगों ने आकर गिरराज महाराज यानि गोवर्धन की परिक्रमा कर ना केवल प्रदेश  सरकार के खजाने को भरा बल्‍कि उन गुरुओं के भी भंडार भरे जिन्‍होंने अपनी चरण-पूजा को  बाकायदा एक व्‍यवसाय का रूप दे रखा है। वैसे गुरू पूजन की परंपरा पुरानी है मगर अब इसकी  रीति बदल दी गई है, इसमें प्रोफेशनलिज्‍म आ गया है। गुरू पूर्णिमा आज के दौर में गुरुओं के  अपने-अपने उस नेटवर्क का परिणाम भी सामने लाता है जिससे शिष्‍यों की संख्‍या व उनकी  हैसियत का पता लगता है।

इन सभी गुरूओं का खास पैटर्न होता है, स्‍वयं तो ये मौन रहते हैं मगर इनके ''खास शिष्‍य'' ''नव  निर्मित चेलों'' से कहते देखे जा सकते हैं कि हमारे फलां-फलां प्रकल्‍प चल रहे हैं जिनमें गौसेवा,  अनाथालय, बच्‍च्‍ियों की शिक्षा, गरीबों के कल्‍याण हेतु काम किए जाते हैं, अत: कृपया हमारी  वेबसाइट पर जाऐं और अपनी ''इच्‍छानुसार'' प्रकल्‍प में सहयोग (अब इसे दान नहीं कहा जाता) दें,  इसके अतिरिक्‍त हमारे यूट्यूब चैनल को सब्‍सक्राइब करें ताकि अमृत-प्रवचनों का लाभ आप ले  सकें।

एक व्‍यवस्‍थित व्‍यापार की तरह गुरु पूर्णिमा के दिन बाकायदा टैंट...भंडारा...आश्रम स्‍टे...गुरू गद्दी  की भव्‍यता...गुरूदीक्षा आयोजन की भारी सजावट वाले पंडाल का पूरा ठेका गुरुओं के वे कथित  शिष्‍य उठाते हैं जो न केवल अपना आर्थिक बेड़ापार करते हैं बल्‍कि बतौर कमीशन गुरुओं के  खजाने में भी करोड़ों जमा करवाते हैं। देशज और विदेशी शिष्‍यों में भेदभाव प्रत्‍यक्ष होता है  क्‍योंकि विदेशी मुद्रा और विदेशों में गुरु के व्‍यापारिक विस्‍तार की अहमियत समझनी होती है।
सूत्र बताते हैं कि नोटबंदी-जीएसटी के भय के बावजूद ब्रज के गुरुओं के ऑनलाइन खाते अरबों  की गुरूदक्षिणा से लबालब हो चुके हैं और इनमें उनके चेलों, ठेकेदारों और कारोबारियों का लाभ  शामिल नहीं है।

भगवान श्रीकृष्‍ण के वर्तमान ब्रज और इसकी छवि को ''चमकाने वाले'' अधिकांश धर्मगुरुओं का तो  सच यही है, इसे ब्रज से बाहर का व्‍यक्‍ति जानकर भी नहीं जान सकता, वह तो ''राधे-राधे'' के  नामजाप में खोया रहता है। 

हमारी यानि ब्रजवासियों की विडंबना तो देखिए कि हम ना इस सच को निगल पा रहे हैं और ना  उगल पा रहे हैं जबकि इन पेशेवर धर्मगुरूओं से छवि तो ब्रज की ही धूमिल होती है।

बहरहाल, खालिस व्‍यापार में लगे इन धर्मगुरुओं का धर्म-कर्म यदि कुछ प्रतिशत भी समाज में  व्‍याप्‍त गुस्‍से, कुरीतियों और बात-बात पर हिंसा करने पर आमादा तत्‍वों को समझाने में, उनकी  सोच को सकारात्‍मक दिशा देने में लग जाए तो बहुत सी जघन्‍य वारदातों और दंगे फसादों को  रोका जा सकता है।

जहां तक बात है जिम्मेदारी की तो बेहतर समाज सबकी साझा जिम्‍मेदारी होती है।
सरकारें लॉ एंड ऑर्डर संभालने के लिए होती हैं मगर समाज में सहिष्‍णुता और जागरूकता के  लिए धर्म का अपना बड़ा महत्‍व है। गुरू पूर्णिमा हो या कोई अन्‍य आयोजन, ये धर्मगुरू  समाजहित में कुछ तो बेहतर योगदान दे ही सकते हैं और इस तरह धर्म की विकृत होती छवि  को बचाकर समाज कल्‍याण का काम कर सकते हैं।

संस्‍कृत के एक श्‍लोक में कहा गया है कि धर्मो रक्षति रक्षितः अर्थात तुम धर्म की रक्षा करो, धर्म  तुम्हारी रक्षा करेगा| इसे इस प्रकार भी परिभाषित किया जा सकता है कि “धर्म की रक्षा करो,  तुम स्वतः रक्षित हो जाओगे| इस एक पंक्ति “धर्मो रक्षति रक्षितः” में कितनी बातें कह दी गईं हैं  इसे कोई स्वस्थ मष्तिष्क वाला व्यक्ति ही समझ सकता है|

अब समय आ गया है कि धर्म गुरुओं को यह बात समझनी होगी। फिर चाहे वह किसी भी धर्म  से ताल्‍लुक क्‍यों न रखते हों, क्‍योंकि निजी स्‍वार्थों की पूर्ति के लिए धर्म को व्‍यावसायिक रुप  प्रदान करने में कोई धर्मगुरू पीछे नहीं रहा है। गुरू पूर्णिमा तो एक बड़े धर्म का छोटा सा  उदाहरणभर है।

- अलकनंदा सिंह

गुरुवार, 28 नवंबर 2013

कमल तो कमल ही रहता है...

धर्म और अपराध के घालमेल से उपजे अविश्‍वास ने आमजन को इतना भ्रमित कर दिया है कि यकायक आये किसी अच्‍छे समाचार पर भी हम आसानी से विश्‍वास नहीं कर पाते, लगभग भौंचक सी स्‍थिति में हैं आज वो सनातन धर्मावलंबी जो शंकराचार्यों को ईश्‍वरतुल्‍य मानते हैं , उनमें विश्‍वास रखते हैं  ।
कल जब से पुड्डुचेरी कोर्ट ने कांची काम कोटि पीठ के शंकराचार्य श्री जयेंद्र सरस्‍वती को पिछले नौ वर्षों की लंबी अदालती लड़ाई के बाद बरी किया तो उनके अनुयायियों समेत अनेक सनातन   धर्मावलंबियों का तो अदालत के इस फैसले के बाद खुश होना लाजिमी था मगर इस बात की दाद दी जानी चाहिए कि स्‍वयं जयेंद्र सरस्‍वती ने शंकराचार्य पद की गरिमा के अनुरूप अपने सौम्‍य व्‍यवहार से अदालत के प्रति विश्‍वास और भरोसा बनाये रखा।
धर्म को व्‍यापार बना देने वालों की  यूं तो लंबी फेहरिस्‍त है और इन्‍हीं वजहों से धर्म व संतों की प्रतिष्‍ठा को समय समय पर आघात भी पहुंचता रहा है । फिर चाहे वह स्‍व. कृपालु जी के विवादित कृत्‍य रहे हों या आसाराम बापू कारनामे, सभी ने भी सनातन धर्म को और आस्‍थावानों की भक्‍ति भावना को भारी नुकसान पहुंचाया है । इनके अलावा नित्‍यानंदों - शिवानंदों की भी कमी नहीं रही है, जिन्‍होंने धर्म की आड़ लेकर वो सब किया जो एक सामान्‍य अपराधी कर सकता है, परंतु आज बात शंकराचार्य जैसी पदवी और उस पर बैठे बेहद सरल व सुलझे हुये व्‍यक्‍तित्‍व की हो रही है जिसके प्रति आदर व आस्‍था कोई प्रपंच करके हासिल नहीं की गई, तो निश्‍चितत: ये कहना पड़ेगा कि धर्म की विजय हुई। हालांकि जिस अपराध के लिए जयेन्‍द्र सरस्‍वती को उनके उत्‍तराधिकारी समेत दो दर्जन लोगों के साथ दोषी बताया गया था , उसका मूल अपराधी अभी तक पता नहीं चल पाया है और गुत्‍थी अनसुलझी ही रह गई है ।
 सनातन धर्म के सर्वोच्‍च प्रतिनिधि के तौर पर माने जाने वाले आदि शंकराचार्य ने जिन धार्मिक  व दार्शनिक परंपराओं को स्‍थापित किया , आज तक उन्‍हीं पद्धतियों पर चलकर धर्म को आमजन के बीच विस्‍तार दिया जा रहा है और ऐसे में जब कोई उंगली इन्‍हीं धर्मिक परंपराओं के निर्वाहकों पर उठती है तो उस संशय का निराकरण होना आवश्‍यक हो जाता है। कल आये निर्णय में समय भले ही नौ साल का लग गया हो मगर अब कोई संशय न रहा।
बहरहाल, इससे एक बात स्‍पष्‍ट हो जाती है कि सच्‍चा संत वही जो निरपेक्ष भाव से सभी स्‍थितियों में एक समान रहे और जयेन्‍द्र सरस्‍वती इसके प्रत्‍यक्ष उदाहरण बने।
इस पूरे प्रकरण से एक और बात महत्‍वपूर्ण यह निकल कर आई है कि  राजनैतिक दलों ने भी शंकराचार्यों की पीठों को अपने अपने हिसाब से बांट रखा है और इनके भव्‍य ऐशोआराम व शिष्‍यों में जिस तरह से वर्ग भेद कर रखा है, कोई ना कोई शंकराचार्य भी इसी तरह या तो राजनीति का शिकार होता रहेगा या फिर अपराधी तत्‍व इनके प्रांगणों में पनपते रहेंगे। बेहतर होगा कि राजनीति और अपराध की जुगलबंदी से  मठों व धर्म के पुरोधाओं को बचाया जाये अन्‍यथा सनातन धर्म की दुर्दशा निष्‍चित है।
- अलकनंदा सिंह


शुक्रवार, 20 सितंबर 2013

बाध्‍यताओं की कसौटी पर परंपरायें

साल में एक बार पंद्रह दिन के लिए अपने बुज़ुर्गों को श्रद्धा अर्पित करने का समय शुरू हो चुका है। लगभग हर सनातनी परिवार में इसे मनाया जाता है मगर आज नई पीढ़ी की हाइटेक सोच से लेकर महंगाई जैसी समस्‍याएं इस श्रद्धापर्व को मनाये जाने के तरीके और औचित्‍य पर तमाम सवाल उठाते हुये हावी हो रही हैं। उन लोगों को, जो सनातनी परंपराओं को धर्म बना बैठे हैं, अब सटीक जवाब खोज लेने चाहिये।
अब देखिए ना....पंडित जी सुनाये जा रहे थे कि श्राद्ध कैसे करने चाहिये, क्‍यों करने चाहिए आदि आदि ...अभी अभी अपनी अपनी जॉब से जैसे-तैसे छुट्टी लेकर आये दादी के दोनों पोते पास बैठे ऊब रहे थे....जबकि वे दोनों अपने दादा से बेहद प्‍यार करते थे। दरअसल तर्क की कसौटी पर वे तय नहीं कर पा रहे थे कि उनके दादा-परदादा जो मर गये, वो कैसे यहां बनाये गये पकवानों को खाने के लिए आ सकते हैं। जो जीवित हैं और भूखे हैं, भूख से मर रहे हैं उन्‍हें भोजन कराने की बात हम क्‍यों नहीं सोचते।
दरअसल बेतुके तर्कों को परंपरागत ढर्रे पर चलाते-चलाते आज की हाइटेक पीढ़ी के सामने हमने उन्‍हें इतना बोझिल बना दिया है कि यह पीढ़ी उससे ऊबने लगी है। वह उसे वैज्ञानिक आधार पर समझना चाहता है कि धर्म में उसकी कितनी अहमियत है, कितनी जरूरत है.. और क्‍यों है ...किसके लिए है ... पुरानी पीढ़ी इनके पालन की अनिवार्यता नई पीढ़ी पर थोप रही है तो इसके पीछे सुदृढ़ तर्क क्‍या है, इसके बारे में कोई सटीक उत्‍तर नहीं मिलता, तर्क की कसौटी पर ये परंपराएं तो कब का दम तोड़ चुकी हैं, अब तो इन्‍हें बस ढोया जा रहा है।
ऐसा नहीं है कि नई पीढ़ी अपने बुज़र्गों को याद नहीं करना चाहती और वो याद रखती भी है मगर इस तरह बाध्‍यता उसे तर्कों के द्वंद्व में धकेल देती है जबकि गीता को मानें तो..
नैनं छिंदन्ति शस्त्राणि नैनं दहति पावकः ।
न चैनं क्लेदयंत्‍यापो न शोषयति मारुतः ।। 
अर्थात् भौतिक तापों से ऊपर है आत्‍मा और आत्‍मा कभी नहीं मरता/मरती... तो फिर श्रद्धा का अर्पण किसे और क्‍यों ?
जो मारे जा चुके हैं उनके नाम पर ये कैसा विरोधाभास परोसते आ रहे हैं.. कि एक ओर तो हम आज की पीढ़ी को गीता के उपदेशों से जीवन के हर पहलू को तलाशने व समझने की सीख देते हैं और दूसरे ही पल उन्‍हें तर्कहीन अंधकार को हूबहू मानने पर बाध्‍य कर रहे हैं...फिर शिकायत किससे कि भई हमारी नई पीढ़ी परंपराओं से दूर हो रही है...यह सनातनी परंपराओं का राग अलापने वालों को सोचना चाहिए।
हमारे काका एक लोक कहावत सुनाया करते थे कि
''जे जीवते बात ना पुच्‍छियां, ते मरे धड़ाधड़ पिट्टियां... ''
तो कुल मिलाकर बात इतनी सी है कि लोक कहावत और गीता के उपदेश स्‍वयं को फिर से खंगालने की बात कहते हैं, फिर क्‍यों ढर्रों पर चलने की बात की जाये। सोचना होगा।
- अलकनंदा सिंह



रविवार, 1 सितंबर 2013

...गिरेबां चाक़ करने से पहले

आइने से चिपककर खड़े होगे तो अपना अक्‍स नज़र नहीं आयेगा, उसकी मौज़ूदगी होगी मगर आइने में देखे जाने का मकसद तब तक पूरा नहीं हो सकता जब तक कि अक्‍स से थोड़ी दूरी न बनाकर रखी जाए।
ठीक इसी तरह एक दूसरा उदाहरण ये कि अपने गिरेबां में झांकना बड़ा मुश्‍किल होता है, गर्दन ही नहीं मुड़ सकती इतनी कि अपना ही गिरेबां दिख सके । शायद इसीलिए इसे कहावत के तौर पर इस्‍तेमाल किया गया कि अगर कोई अपने गिरेबां तक में अपनी निगाह पहुंचा सकता तो उसमें अपनी अकड़ होने का भ्रम न रहता और सब-कुछ अच्‍छा हो जाता ...फिर तो झगड़ा ही किस बात का रहता...न कोई हमलावर रहता न कोई पीड़ित। खैर, ये बड़े जोखिम का काम है अपने गिरेबां में झांकना।
देश की तमाम समस्‍याओं और दुर्भाग्‍यपूर्ण घटनाओं के लिए हम हमेशा कहते हैं कि सरकार ने ये नहीं किया, नेताओं ने देश को तबाह कर दिया, बाबाओं ने धर्म को व्‍यापार में तब्‍दील और न जाने क्‍या क्‍या...
बात वहीं आ जाती है कि अपने गिरेबां में झांकने की बजाय हम दूसरे के गिरेबां को चाक कारने में जुटे रहते हैं। अब देखिए ना कि सरकार हो, नेता हों, बाबा हों, बलात्‍कारी हों, कोई भी हो, इस तरह के सभी पैरासाइट्स को पनपाने के लिए हमारी अपनी सोच और अपने भीतर बैठे डर ही जिम्‍मेदार हैं।
हालिया आसाराम प्रकरण को ही लीजिए, ये हमारे भीतर के डर ही हैं जिनके चलते हम उनके खिलाफ बरसों पहले से आ रही दुष्‍कर्म, हत्‍या और ज़मीनों पर नाजायज तरीके से कब्‍ज़े की शिकायतों पर ध्‍यान देने और दिलाने से कतराते रहे।
हम उन तथ्‍यों को भी नज़रंदाज करते रहे जिसमें बा-सुबूत आसाराम को महिलाओं और बच्‍चों के साथ दुष्‍कर्म करते पाया गया बल्‍कि उनके आश्रम में कोई भी पुरुष किसी भी महिला या बच्‍ची से यौनसंबंध स्‍थापित कर सकता था जिसे आसाराम व उनके चेले प्रभु के साथ संबंध बनाने का नाम देते रहे।
ये कुछ वो हकीकतें हैं जिनके भुक्‍तभोगी अब हिम्‍मत करके धीरे-धीरे ही सही, सामने ला रहे हैं। जो अब भी दबी हैं, वो कितनी भयानक होंगी। इज्‍़ज़त के ढकोसलों ने हमने अपनी घरेलू औरतों को भी बाज़ार के हवाले कर दिया। एक ऐसा बाजार जिसने ईश्‍वर के अस्‍तित्‍व पर ही प्रश्‍नचिन्‍ह लगा दिया है।
तभी तो ये संभव हो सका कि आसूमल जैसा साधारण सा व्‍यक्‍ित आसाराम तक का सफर तय कर पाया। ये नाकामी किसी सिस्‍टम की नहीं, हमारी अपनी नाकारा हो चुकी सोच की है जो आज भी अपराधी के तीन गुनाहों तक उसके सुधरने का इंतज़ार करती है।
दायरों में बंधी सोच अब तो आज़ाद होनी चाहिये... अब तो आसाराम जैसे अपराधियों के साये में पले स्‍वच्‍छंद यौन अपराधियों के प्रदर्शनों को गैरकानूनी घोषित किया जाना चाहिये..।
- अलकनंदा सिंह