शारदीय नवरात्र लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
शारदीय नवरात्र लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2020

हे देवि!... मृजया रक्ष्यते को व‍िस्मृत करने पर हमें क्षमा करें


 

वेदों से लेकर उपन‍िषदों तक, शास्त्रों - पुराणों से लेकर सभी सनातनी ग्रंथों तक क‍ि सी पूजा से पहले स्वच्छता को प्रथम स्थान द‍िया गया है क्योंक‍ि यह शारीर‍िक शुद्धता के माध्यम से मानस‍िक बल व न‍िरोगी रहने की मूलभूत आवश्यकता होती है। कोई भी पूजा मन, वचन और कर्म की शुद्धि व स्‍वच्‍छता के बिना पूरी नहीं होती। 

आज से शारदीय नवरात्र देवी के आगमन का पर्व शुरू हो गया है। देवी उसी घर में वास करती है, जहां  आंतरिक और बाह्य शुद्धि हो। वह कहती भी हैं कि मृजया रक्ष्यते (स्‍वच्‍छता से रूप की  रक्षा होती है), स्‍वच्‍छता धर्म है इसीलिए यही पूजा में सर्वोपरि भी है। शरीर, वस्त्र,  पूजास्‍थल, आसन, वातावरण शुद्ध हो, कहीं गंदगी ना हो। यहां तक कि पूजा का प्रारंभ  ही इस मंत्र से होता है -''ऊँ अपवित्र: पवित्रो वा सर्वावस्‍थां गतोsपिवा।

यह स्वच्छता को धर्म में प्रमुखता देने के कारण ही तो पूरे देवीशास्‍त्र में 8 प्रकार की शुद्धियां बताई गई हैं- द्रव्‍य (धनादि की स्‍वच्‍छता अर्थात्  भ्रष्‍टाचार मुक्‍त हो), काया (शरीरिक स्‍वच्‍छता), क्षेत्र (निवास या कार्यक्षेत्र के आसपास  स्‍वच्‍छता), समय (बुरे विचार का त्‍याग अर्थात् वैचारिक स्‍वच्‍छता), आसन (जहां बैठें  उस स्‍थान की स्‍वच्‍छता), विनय (वाणी में कठोरता ना हो), मन (बुद्धि की स्‍वच्‍छता)  और वचन (अपशब्‍दों का इस्‍तेमाल ना करें)। 

इन सभी स्‍वच्‍छताओं के लिए अलग  अलग मंत्र भी हैं इसलिए आपने देखा होगा कि पूजा से पहले तीन बार आचमन, न्‍यास,  आसन, पृथ्‍वी, दीप, दिशाओं आदि को स्‍वच्‍छ कर देवी का आह्वान किया जाता है।

विडंबना देखिए कि हमने इसी मृजया रक्ष्यते के सूत्र वाक्य को हमने भुला द‍िया है और आज हजारों करोड़ रुपये स‍िर्फ इस प्रचार पर 'जाया' करने पड़ रहे हैं क‍ि हम स्वच्छता के असली मायने ही भुला चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक कार्यकाल पूरा हो गया '' स्वच्छता का आव्हान करते करते '' इसी स्वच्छता अभ‍ियान के तहत उन्होंने खुले में शौच से मुक्त‍ि के ल‍िए पूरा का पूरा मंत्रालय जुटा द‍िया परंतु आज भी ग्रामीण क्षेत्रों की मह‍िलाओं व छोटी बच्च‍ियों के साथ आए द‍िन होने वाली रेप की घटनाओं के पीछे खेत में शौच के ल‍िए जाना भी एक कारण न‍िकल कर सामने आ रहा है। इतनी सहायता के बाद भी शत प्रत‍िशत सफलता क्यों नहीं म‍िली, क्योंक‍ि हमने उसे अपनाया नहीं बल्क‍ि ओढ़ ल‍िया। स्वच्छता दूतों ने प्रचार-प्रसार कर अपना मेहनताना सीधा क‍िया, जनप्रत‍िन‍िध‍ियों और सरकारी बाबुओं ने इसे स‍िर्फ 'नरेंद्र मोदी का काम' मान कर इत‍िश्री कर ली।   

ज‍िस सूत्रवाक्य को हमारे धर्म शास्त्रों में स्वयं देवी के मुख से कहलवाया गया ताक‍ि स्वच्छता संदेश का प्रभाव कुछ तो स्थायी रहे परंतु हम घरों के भीतर की स्वच्छता तक स‍िमट गये और मृजया रक्ष्यते का अहम संदेश त‍िरोह‍ित हो गया। तो क्या ज‍िस देवी का आह्वान स्वयं को बलवान बनाने के ल‍िए करते हैं, उसके संदेश हम जीवन में हीं उतार सकते, न‍िश्च‍ित ही उतार सकते हैं , इसके ल‍िए बहुत अध‍िक प्रयास की आवयकता नहीं है, थोड़ा सा प्रयास कीज‍िए फ‍िर देख‍िए क‍ि देवी का ''आव्हान'' करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, वे स्वयं आपके सन्न‍िकट होंगीं। 

- अलकनंदा स‍िंंह 


शनिवार, 1 अक्टूबर 2016

शारदीय नवरात्र: जीवित स्त्र‍ियों को जूते में पानी पिला कर किस शक्ति की आराधना करें हम ?

ज़रा सोच कर देख‍िए कि आप शारदीय नवरात्र आरम्भ होने पर पूजा संपन्न करने के बाद कोई ऐसी खबर दिखाई दे कि वह आपकी पूरी की पूरी आस्था को ही हिला दे और यह सोचने पर बाध्य कर दे कि क्या सचमुच ईश्वर अस्तित्व में है या क्या हमारा सबके लिए सद्बुद्धि मांगना सार्थक हुआ।
आज ऐसी ही एक खबर ने आस्था और मनुष्यता के बीच संबंधों की कलई खोल दी।
आज मुझे अंधविश्वास के ख‍िलाफ लड़ने वाले नरेंद्र दाभोलकर जैसे व्यक्तित्व की कमी बहुत अखर रही है। अश‍िक्षा और रुढि़यां आत्मसम्मान को कुचल देती हैं। विवशता उनका हथ‍ियार बन जाती है मजलूमों पर कहर ढाने के लिए।

मनुष्यता को हिला देने वाली ये खबर कुछ यूं है...कि

राजस्थान के भीलवाड़ा में अंधविश्वास को लेकर हालात आज भी नहीं बदले हैं। घटना के अनुसार यहां के ''बंकाया माता'' मंदिर में भूत का साया भगाने के नाम पर महिलाओं को जूतों में भरकर महिलाओं को पानी पिलाया जाता है। यहां भूत उतारने के नाम पर महिलाओं को जूते सिर पर रखकर चलने को कहा जाता है। यही नहीं, उन्हें गंदे जूतों में पानी भरकर पीने को मजबूर भी किया जाता है। ऐसा दशकों से चला आ रहा है, लेकिन किसी ने रोकने की कोशिश नहीं की।
झाड़-फूंक के नाम पर मंदिर का पुजारी मनमानी हरकतें करवाता है। औरतों को जूते सिर पर रखकर कई किलोमीटर तक चलाया जाता है। वहीं एक हौद में पानी भरा रहता है। आस्था का हवाला देकर वहां का पानी जूतों में भरकर पीने को मजबूर किया जाता है। ऐसी महिलाओं को बाल पकड़कर 200 सीढ़ियों पर घसीटा जाता है और पुरुष देखते रहते हैं।
यकीन नहीं होता ना... कि महिलाओं के साथ किया जाने वाला यह अमानवीय बर्ताव 21वीं सदी की सोच से परे है।
भारत में भी महिला सशक्तिकरण की ना जाने कितनी बातें कितने कसीदे रोज बरोज गढ़े जाते हैं मगर ऐसी रूढि़यों के लिए आगे आने की हिम्मत नहीं की जाती।
ये सब ठीक उसी दिन पता चलना हृदय को कोंच गया जब कि आज से ही शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हुआ है और ''बंकाया माता'' मंदिर में भूत भगाने का यह ''कुत्सित'' कार्यक्रम अगले नौ दिनों तक चलेगा भी।
एक आश्चर्य इस बात का भी है कि ये भूत भी जेंडर देखकर आते हैं यानि महिला पर ही आते हैं, पुरुषों पर नहीं। और ये जेंडरवाइज ही उतारे भी जाते हैं, हालांकि पुजारी के अनुसार ये भूत अपना असर कम कर देते हैं मगर पूरी तरह से नहीं जाते।
अर्थात् प्रताड़ना का ये सिलसिला बदस्तूर '' पीडि़त'' महिला के जीवित रहने तक जारी रहता है।

पूरी तरह मानसिक विक्षोभ को भूत कहकर जिस तरह औरतों के साथ दरिंदगी की जाती है, उसका एक और उदाहरण- पीडि़त महिला को मंदिर में बुलाए जाने से पहले तीन दिन तक पानी नहीं दिया जाता, ऐसा  उस ''भूत'' को दंडित करने के लिए किया जाता है ताकि वह मंदिर में आने से पहले कमजोर हो जाए और ''उतारे जाते'' समय वह किसी को नुकसान ना पहुंचाने पाए।

जाहिर है प्यासी महिला को जब कई किलोमीटर तक पैदल चलाकर पानी की हौद में उतारा जाता है तो वह पानी पीने के लिए किसी भी शर्त को मानने को तैयार रहती है, फिर चाहे वह जूते में ही पानी क्यों ना पीना पड़े,  प्यास के आगे वह अश‍िक्षित महिला विवश हो जाती है और पुजारी इसी विवशता फायदा उठाते हुए अपना सिक्का जमा लेता है उसके परिजनों पर।

बहरहाल...  शारदीय नवरात्र शुरू होने पर आज चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के दिन कलश स्थापना के साथ ही माँ दुर्गा की पूजा शुरू हो गई जिसमें देवी दुर्गा के नौ रूपों की पूजा होगी । आज प्रथम दिन की देवी मां शैलपुत्री का वाहन वृषभ, दाहिने हाथ में त्रिशूल, और बायें हाथ में कमल सुशोभित है। शैलपुत्री के पूजन करने से 'मूलाधार चक्र' जाग्रत होता है जिससे अनेक प्रकार की उपलब्धियां प्राप्त होती हैं... आदि धार्मिक प्रवचन , आख्यानों पर राजस्थान की इस एक खबर ने
शैलपुत्री के प्रतीकात्मक स्वरूप में '' मौजूद'' होने और हमारे द्वारा स्त्री को देवी मानने की खोखली रवायत की असलियत खोल दी है।

आख‍िर हम इन जीवित स्त्र‍ियों को जूते में पानी पिला पिला कर किस शक्ति की आराधना कर रहे हैं , और यदि कर रहे हैं तो क्या ये सचमुच फलीभूत हो सकेगी.. .. मेरा संशय बढ़ रहा है। मंत्रों की शक्ति को पुजारी अपनी धूनी भरी मुठ्ठी में जोर से पकड़ कर उस पीडि़त महिला पर फेंक रहा ... है... और मैं जोर जोर से दोहरा रही हूं...

प्रथमं शैलपुत्री च द्वितीयं ब्रह्मचारिणी।
तृतीयं चन्द्रघण्टेति कूष्माण्डेति. चतुर्थकम्।।
पंचमं स्कन्दमातेति षष्ठं कात्यायनीति च।
सप्तमं कालरात्रीति.महागौरीति चाष्टमम्।।
नवमं सिद्धिदात्री च नवदुर्गा: प्रकीर्तिता:।
उक्तान्येतानि नामानि ब्रह्मणैव महात्मना:।।

- अलकनंदा सिंह