crime लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
crime लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 25 जनवरी 2018

भविष्‍य के हाथों में खंजर देकर देख लिया, अब गिरेबां में झांकने का वक्‍त

बच्‍चों में फैलती हिंसा पर पिछले कुछ दिनों में इतने लेख लिखे  गए हैं कि समस्‍या पीछे छूटती गई और लेखकों के अपने विचार  हावी होते गए। लेखकों में से कोई सरकारी नीतियों को, तो कोई  परिवारों के विघटन को और कोई सामाजिक ताने बाने को ध्वस्‍त  करते टीवी मोबाइल को दोषी ठहराने में लगा है परंतु क्‍या किसी  ने ये सोचा है कि आखिर ये स्‍थिति आई ही क्‍यों ?

हमारे जीवनपद्धति में आखिर ऐसा क्‍या बदलाव हुआ जिसने हमारे  बच्‍चों के हाथों में खंजर थमा दिया। क्‍यों माता-पिता अपने बच्‍चों  को मोबाइल थमाकर, टीवी के कार्टून चैनलों के सामने बिठाकर  उन्‍हें मनुष्‍य बनने से रोकते रहे?
क्‍यों माओं का कर्तव्‍य सिर्फ प्रिमैटरनिटी से थ्री मंथ मैटरनिटी लीव  तक समेट दिया गया?
क्‍यों बच्‍चे को पैदा करने और उनकी परवरिश के लिए महिलाओं  के घर पर रहने को हम दकियानूसी सोच, पिछड़ापन या  स्‍त्री-स्‍वातंत्र्य से जोड़ने लगे?
हम क्‍यों नहीं देख पाये कि भूखे बच्‍चे को मां का दूध जरूरी है,  उसका सानिध्‍य जरूरी है ना कि सेरलक और बॉर्नविटा व मैगी की  खुराक।
संवेदनाओं का मशीनीकरण हमने स्‍वयं किया है, किसी सरकार ने  नहीं। स्‍त्री-पुरुष की बराबरी के द्वंद युद्ध की बलि चढ़ते गए बच्‍चे।  पारिवारिक व्‍यवस्‍था की खामियों को दूर करने की बजाय महिलाओं  की स्‍वतंत्रता को इस तरह परिभाषित किया जाने लगा कि परिवार  ढहते गए और बच्‍चे क्रिमिलन बनने लगे। 
ऐसा तब हुआ जबकि पूरी दुनिया ये मान चुकी है कि भारतवर्ष में  जन्‍मे ''वेद'' और ''गीता'' जैसे महानग्रंथ किसी भी समाज को संपूर्ण  चारित्रिक बल तथा पूरी स्‍वतंत्रता और अभिव्‍यक्‍ति के साथ जीने  का अधिकार देते हैं।
सदियों से आक्रांताओं और उनकी थोपी गई सोच का 'असर' हमारे  देश पर ऐसा पड़ा कि वेद और गीता की बात करने वाले को कथित बुद्धिजीवी तक अपना विरोध जताने को पुरातनपंथी या कट्टरवादी या हिंदूवादी जैसे विशेषणों से नवाजने लगते हैं। ऋषियों-मुनियों की अनगिनत खोज को झुठलाने में जुट जाते हैं और इस बीच मूल तथ्‍य तिरोहित हो जाते हैं कि आखिर कैसे बच्‍चों को संपूर्ण मनुष्‍य बनाया जाए। 

जब मानवीयता से परे ले जाकर हम ही अपनी आने वाली  पीढ़ी को उत्‍पाद (Comodity) बनाने पर आमादा हों तो श्रेष्‍ठ से  श्रेष्‍ठतर और संपूर्ण मनुष्‍य (संतान अथवा शिष्‍य रूप में) की अपेक्षा करना सरासर गलत है।

इस संदर्भ में ऋग्‍वेद के 10वें मंडल से लिया गया 53वें सूक्‍त का  छठा मंत्र कहता है----

।। मनुर्भव जनया दैव्यं जनम् ।।

पूरा मंत्र इस प्रकार है-

तन्तुं तन्वन्रजसो भानुमन्विहि ज्योतिष्मतः पथो रक्ष धिया कृतान् ।  
अनुल्बणं वयत जोगुवामपो, मनुर्भव जनया दैव्यं जनम् ॥

                इसका भावार्थ है-
Become  the  Human  being  create  the  divine   people 
                     अर्थात्
मानव को चाहिए कि वह 'उत्‍तम मनुष्‍य' का विस्तार करे| अपने  जीवन में धर्मपरक मार्गों का आलम्बन करते हुए मननशील होकर  'उत्‍तम मनुष्‍य' के निर्माण में यत्न करता रहे || ६ ||

ऋग्‍वेद के इस मंत्र में की गई 'उत्‍तम मनुष्‍य' की व्‍याख्‍या आज  जैसे कोरी कल्‍पना बन चुकी है। मनुष्‍यता अपने निकृष्‍टतम स्‍तर  पर जा पहुंची है। पहले यह 'उत्‍तम मनुष्‍य' की जगह निजी स्‍तर  पर 'उत्‍तम संतान' अथवा 'उत्‍तम शिष्‍य' तक सिमटी, और फिर  इससे भी नीचे 'सिर्फ संतान' व 'सिर्फ शिष्‍य' पर आकर ठहर गई। 
और अब तो उत्तम मनुष्‍य जैसी कोई व्‍याख्‍या रह ही नहीं गई है। संतान और शिष्‍य को कमोडिटी के तौर पर इस्‍तेमाल करने के इस काल में कमोडिटी को हानि-लाभ के तौर परखा जाता है। फिर इनसे मानवता और मानवीय संवेदना की अपेक्षा करना क्‍या उचित होगा।

बाल सुधारगृह, बच्‍चा जेल की अवधारणा तक आ पहुंचे हम क्‍या  अपने गिरेबां में झांक कर देखने की हिम्‍मत करेंगे?

यकीन मानिए कि जिस दिन हम ''अपनी ओर'' देख पाऐंगे, उसी  दिन से उत्‍तम मनुष्‍य की अवधारणा पुन: प्रत्‍यक्ष होने लगेगी  लगेंगे। आज भी जो अपनी ओर देख पा रहे हैं तथा आत्‍मचिंतन  करने में समर्थ हैं वे आईआईटियन हों या एमएनसी के सीईओ,  सभी अपने देश की गौरवशाली परंपरा एवं आध्‍यात्‍मिक जीवनशैली  की ओर लौटते दिखाई दे रहे हैं...बच्‍चों के आपराधिक बनने जैसी  विडंबना के बीच यह सुखद परिवर्तन भी देखने को मिल रहा है। 
अब बस बाकी है उस पारिवारिक एवं सामाजिक ताने बाने को  पुनर्स्‍थापित करना जो समाज के लिए कमोडिटी नहीं, श्रेष्‍ठतर  मनुष्‍य उत्‍पन्‍न करने का मार्ग प्रशस्‍त करता है।

- अलकनंदा सिंह
www.legendnews.in

रविवार, 22 मई 2016

कहां छुपी हैं इस insensitivity की जड़ें ?

लगभग दो दशक पहले की बात है जब संयुक्त परिवार बड़ी तेजी के एकल परिवारों में बदल रहे थे। दादा- दादी की बंदिशों, उनके उपदेशों से पीछा छुड़ाकर इन नए गढ़े परिवारों में स्वच्छंदता की एक अलग अनुभूति थी। जड़ों को छोड़ने पर खुश होने वाले इन परिवारों को कहां पता था कि वे जिस पीढ़ी के सुख के लिए ये सब कर रहे हैं, वह पीढ़ी संवेदनाओं से शून्य हो जाएगी। एक ओर मां-बाप अपने अपने हिसाब से बच्चों की परवरिश करने, नित नए भौतिक साधनों से घरों को भरने में लगे थे, घरों में इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम्‍स की भीड़ बढ़ रही थी तो दूसरी ओर खोए हुए रिश्ते अपने लिए घरों में एकमात्र कोना ढूढ़ते रह गए। स्वच्छंदता भरी इस अंधी दौड़ में सब के सब बेतहाशा भागे जा रहे थे… क्या बच्चे और क्या बड़े…। इस दौड़ में मगर जो बहुत पीछे छूटती जा रही थी, वह थी संवेदनशीलता।
मनोवैज्ञानिक कहते हैं कि या तो जरूरत से ज्यादा अपेक्षाएं व्यक्ति को संवेदनहीन बना देती हैं या जरूरत से ज्यादा स्वच्छंदता अथवा बंधन, लेकिन ग्रेटर नोएडा की उस भीड़ में ऐसा कौन सा कारण मौजूद था जो 150-200 लोगों के हुजूम को संवेदनहीनता की पराकाष्ठा तक ले गया । क्यों सब के सब अपने मोबाइल से घटना की वीडियो क्लिपिंग बनाने में जुटे रहे, क्यों किसी ने उन अपराध‍ियों को रोका नहीं जो संख्या में मात्र तीन या चार थे, उनके हाथों में कोई ऐसा हथ‍ियार भी नहीं था, उन्होंने एक आदमी को उसके बालों से पकड़ा हुआ था और उसका अपहरण करके गाड़ी में डाल रहे थे, वह व्यक्ति मदद के लिए चिल्ला रहा था मगर मदद तो दूर किसी ने पुलिस स्टेशन पर खबर तक करने की जरूरत नहीं समझी। भीड़ की इस बेहयाई के कारण अगले दिन उसकी लाश मिली।
दूसरा वाकया है बैंगलौर का है, जहां एक गाड़ी आकर रुकती है, एक लड़का पीछे से उतरता है और दिनदहाड़े ही लगभग 30-35 लोगों के सामने एक लड़की को पीछे से आकर पकड़ता है तथा खींचता हुआ अपनी गाड़ी में डाल लेता है, लड़की चिल्लाती है…मदद की गुहार लगाती है। आश्चर्य देखिए कि उसकी आवाज़ मौजू़द लोगों में से किसी के भी कानों तक नहीं पहुंचती, देखते सब रहते हैं। इस दुस्साहसिक घटना को पास से गुजरती एक औरत भी देखती है और पलभर में ही मुंह फेर लेती है। गोया कहीं कुछ घटित ही ना हुआ हो ।
बताइये इन दो घटनाओं को आप क्या कहेंगे, संवेदनहीनता, अभ‍िव्यक्ति का मर जाना या मरे हुए लोगों से आशा करना कि वो अपनी संवेदनाओं के साथ किसी भी अनुचित और दुखद घटना का प्रतिरोध करेंगे। यही लोग जब किसी अपने के साथ कुछ बुरा घटित होते देखते हैं तो कहते हैं किसी ने हमारी मदद नहीं की, या लोग इतने संवेदनहीन हो गए हैं कि किसी के साथ क्या घट रहा है, यह देखना भी जरूरी नहीं समझते। जब स्वयं दर्शक होते हैं तो भूल जाते हैं कि वे भी चुप बने रहे थे… क्यों, ये जानना इनके लिए जरूरी नहीं क्योंकि तब घटना का श‍िकार इनके अपने नहीं होते।
अतिवाद किसी का भी हो, भावनाओं का, अपेक्षाओं का, महात्वाकांक्षाओं का, कर्तव्यों का किसी भी जीवित कौम के लिए आत्मघाती होता है। संवेदनाओं के हर स्तर को ध्वस्त करने का सिलसिला बहुत पहले ही तभी शुरू हो चुका था जब  परिवारों में विघटन एक आदत और फिर जरूरत बन गया। और आज ये अपने विकराल रूप में हमारे सामने है।
सरकारें चाहे कितने ही कानून बना लें, हम यानि आमजन उनके बनाए कानूनों में कितने ही लूपहोल्स निकाल लें मगर ये सत्य जो हमें दिखाई दे रहा है कि परिवार, संस्कार और संवेदनाएं सब के सब आधुनिकता और सिर्फ ”मैं” की भेंट चढ़ चुके हैं।
इस संदर्भ में इंस्टीट्यूट ऑफ ह्यूमैनिटीज के छात्रों द्वारा किये गए एक सर्वे को यहां उद्धृत करना जरूरी है जिसमें कुल 30 बड़े शहरों व मझले शहर- ग्रामीण क्षेत्रों के हर वर्ग के परिवारों को शामिल किया गया। सबसे एक ही सवाल पूछा गया, कि ”आपके घर में आग लगी है, पड़ोस का एक बच्चा उसमें फंसा है, आप किसे पहले बचाऐंगे… स्वयं को या उस पड़ोसी के उस बच्चे को”। शहरी लोगों के 74% विचार पहले स्वयं को बचाने के थे जबकि ग्रामीण और छोटे शहरों के 75% लोगों ने पहले बच्चे को बचाने की बात कही।
इस सर्वे के आंकड़े ये बताने को काफी हैं कि अगर हमें स्वयं को और अपने बच्चों को सुरक्षित करना है तो पहले उन जीवन मूल्यों को बचाना होगा जो ”सर्वे भवन्तु सुख‍िन: सर्वे सन्तु निरामया” के आधार स्तंभ रहे हैं। देर नहीं हुई है, इन जीवन मूल्यों को अभी भी सहेजा जा सकता है बशर्ते सिर्फ ”मैं” से हटकर सोचने की प्रवृत्त‍ि अपनाई जाए …बशर्ते ग्रेटर नोएडा हो या बैंगलौर, हम क्लिपिंग बनाने वाली भीड़ ना बनें,अपराध‍ियों पर टूट पड़ने वाले हाथ बन जाएं।
-अलकनंदा सिंह